
भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौता देश की अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक कदम : राजेश अग्रवाल
रिपोर्ट : बरेली & नई दिल्ली।
बरेली/नई दिल्ली! भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं बरेली कैंट विधायक राजेश अग्रवाल ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को देश की अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से लगभग 200 करोड़ लोगों को व्यापारिक लाभ मिलेगा और दुनिया की एक-चौथाई जीडीपी इससे प्रभावित होगी।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी इसे अब तक का सबसे बड़ा और भविष्य में सिद्ध होने वाला महत्वपूर्ण व्यापार समझौता बताया है। भारत की वैश्विक स्तर पर साख लोकतांत्रिक व्यवस्था और मज़बूत नेतृत्व के कारण तेज़ी से बढ़ रही है, जिससे यूरोप और भारत के बीच तकनीकी सहयोग भी और सशक्त होगा।

उन्होंने बताया कि भारत इस समझौते के लिए वर्ष 2007 से प्रयासरत था। वर्ष 2013 में यह प्रक्रिया बिना किसी निष्कर्ष के ठंडे बस्ते में चली गई थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह प्रयास न केवल सफल होने जा रहा है, बल्कि वैश्विक आर्थिक और सामाजिक दिशा बदलने वाला साबित होगा।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन 2022 के दौरान भारत ने अफ्रीकी यूनियन को स्थायी सदस्य बनवाकर वैश्विक मंच पर बड़ा संदेश दिया। अब 27 यूरोपीय देशों के साथ व्यापार समझौता होना प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो विश्व में बढ़ती गुटबंदी को भी चुनौती देता है।

ऊन्होंने बताया कि इस समझौते से भारत में एमएसएमई, ऊर्जा, पेट्रो-गैस, समुद्री परिवहन, रक्षा, निर्माण सहित लगभग हर क्षेत्र में निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। वस्त्र, आभूषण, चमड़ा उद्योग और खाद्य निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे भारत में रोजगार और समृद्धि के नए अवसर खुलेंगे।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह समझौता अमेरिका और चीन के लिए लाभकारी नहीं होगा, जबकि भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से आगे बढ़ेगा। यूरोपीय यूनियन के साथ सप्लाई चेन मज़बूत होने से भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस समझौते को “Mother of All Deals” कहे जाने को पूरी तरह सही बताया और कहा कि इससे विश्व में भारत की प्रतिष्ठा और भरोसा और बढ़ेगा। राजेश अग्रवाल ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री मोदी को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।