
बरेली मे 77वें गणतंत्र दिवस पर स्वास्थ्य विभाग में तिरंगा फहराया, संविधान की भावना पर हुआ मंथन
स्वास्थ्य विभाग में गणतंत्र दिवस समारोह, CMO डॉ. विश्राम सिंह ने फहराया ध्वज
संविधान के आदर्शों को अपनाने का संकल्प, स्वास्थ्य विभाग परिसर में गणतंत्र दिवस उत्सव
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग परिसर में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने तिरंगा फहराकर समारोह का शुभारंभ किया।

ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान गाया गया, जिसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्य और ईमानदारी से कार्य करने की शपथ ली।

इस अवसर पर डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लईक अहमद अंसारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार तथा डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, जो समानता, स्वतंत्रता और न्याय जैसे मूल मूल्यों को मजबूती प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की भूमिका केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुरक्षित, सुलभ और मानवीय स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना भी विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी है।

विचार गोष्ठी में स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता को और सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे संविधान की भावना को अपने कार्य व्यवहार में उतारते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया और समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
