26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर स्वास्थ्य विभाग में ध्वजारोहण, संविधान के मूल्यों पर हुआ विचार मंथन

Spread the love

26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर स्वास्थ्य विभाग में ध्वजारोहण, संविधान के मूल्यों पर हुआ विचार मंथन

रिपोर्ट/सौरभ गुप्ता

बरेली 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग परिसर में सोमवार को गरिमामय और अनुशासित वातावरण में ध्वजारोहण एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ।

इसके पश्चात राष्ट्रगान गाया गया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने संविधान के प्रति निष्ठा एवं कर्तव्य पालन की शपथ ली।

कार्यक्रम में डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लईक अहमद अंसारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार तथा डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है।

अधिकारियों ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है, वहीं समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व का बोध भी कराता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का दायित्व केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि जनमानस को सुरक्षित, सुलभ और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी है।

विचार गोष्ठी में स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और मानवीय दृष्टिकोण को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे संविधान के आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में आत्मसात करें और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta