कलेक्ट्रेट में गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन, डीएम अविनाश सिंह ने किया ध्वजारोहण

Spread the love

 

कलेक्ट्रेट में गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन, डीएम अविनाश सिंह ने किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया गया सम्मानित

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। 77वां गणतंत्र दिवस जिले भर में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ, जहां जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर एक विशेष पहल के तहत बरेली के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को आमंत्रित किया गया। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले सेनानियों और उनके परिवारों को सम्मानित कर उनका आभार जताया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारी संगठनों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत की शक्ति और सामर्थ्य को पूरा विश्व स्वीकार कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प की चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने का लक्ष्य पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने देश के 140 करोड़ नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा प्रकाशित वार्षिक कैलेंडर का विमोचन भी जिलाधिकारी द्वारा किया गया। उन्होंने जिले के सभी फोटो जर्नलिस्टों को बधाई देते हुए उनके कार्य की सराहना की।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta