बरेली को मिलेगी सुपर रोड की सौगात, 10 लेन मॉडल रोड से 10 मिनट में एयरपोर्ट का सफर

Spread the love

 

बरेली को मिलेगी सुपर रोड की सौगात, 10 लेन मॉडल रोड से 10 मिनट में एयरपोर्ट का सफर

जाम से मिलेगी आज़ादी! बरेली में शुरू हुआ 10 लेन हाईटेक मॉडल रोड प्रोजेक्ट

विकास की रफ्तार बढ़ाएगी 10 लेन सड़क, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा नया पंख

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने सेटेलाइट क्षेत्र से बड़ा बाइपास तक 10 लेन चौड़ी मॉडल रोड के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी है। करीब 130 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क भविष्य के ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है।

शुरुआती चरण में यह मार्ग आठ लेन का प्रस्तावित था, लेकिन बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए योजना में संशोधन किया गया। अब इस सड़क को दोनों ओर पांच-पांच लेन में विकसित किया जा रहा है, जिससे भारी वाहनों और सामान्य यातायात के बीच बेहतर संतुलन बनेगा।

सिर्फ 10 मिनट में एयरपोर्ट तक पहुंचने का दावा

बीडीए अधिकारियों के अनुसार, सेटेलाइट क्षेत्र से एयरपोर्ट की दूरी लगभग 10 किलोमीटर और बड़ा बाइपास करीब 12 किलोमीटर दूर है। सड़क के चौड़ीकरण और आधुनिक डिजाइन के बाद यह दूरी महज 10 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे रोज़ाना लगने वाले जाम से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

हाईटेक सुविधाओं से लैस होगी मॉडल रोड……….

👉मुख्य सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड

👉सीसी इंटरलॉकिंग से साइड एरिया का विकास

👉मजबूत आरसीसी ड्रेनेज सिस्टम

👉ड्रेनों के भीतर बिजली और संचार केबल की सुरक्षित व्यवस्था

इन सुविधाओं से सड़क न सिर्फ चौड़ी बल्कि तकनीकी रूप से भी अत्याधुनिक होगी।

चौराहों पर अंडरपास और ओवरब्रिज………

यातायात को निर्बाध रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। इससे वाहन चालकों को बार-बार सिग्नल पर रुकना नहीं पड़ेगा और सफर अधिक तेज़ व सुरक्षित होगा।

अतिक्रमण हटाकर होगा चौड़ीकरण

बीडीए जल्द ही सेटेलाइट से बैरियर-दो तक के हिस्से की टेंडर प्रक्रिया पूरी करेगा। कार्यादेश जारी होते ही निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा। चौड़ीकरण से पहले दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि निर्माण में कोई बाधा न आए।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा नया आयाम

इस परियोजना से पर्यटन को भी सीधा लाभ मिलेगा। एयरपोर्ट से शहर तक कम समय में पहुंचने से पर्यटकों को बरेली और आसपास के क्षेत्रों को घूमने के लिए अधिक समय मिलेगा।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व और चूका बीच जाने वाले पर्यटकों के लिए यह सड़क बेहद उपयोगी साबित होगी। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta