
बरेली के मीरगंज के भाखड़ा नदी में उतराता मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में मची सनसनी
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली! मीरगंज थाना क्षेत्र के गुलड़िया गांव के पास भाखड़ा नदी में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी में एक युवक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट, जांच शुरू
सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस के साथ फील्ड यूनिट भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की। प्रारंभिक जांच में युवक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
हत्या या आत्महत्या? उलझी पुलिस की जांच
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का। शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान हैं या नहीं, इसे लेकर पुलिस गहनता से जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में लापता युवकों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
इलाके में फैली चर्चा, पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।