SOG टीम पर हमला: सिपाही का सिर फोड़ा, पिस्टल छीनने की कोशिश, चोरी की बैटरियों की घेराबंदी पर बवाल
रिपोर्ट/ सौरभ गुप्ता
बरेली। चोरी की बैटरियों के नेटवर्क पर शिकंजा कसने पहुंची एसओजी टीम पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के पदारथपुर गांव के पास गुरुवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बैटरियां ले जा रहे वाहन की घेराबंदी के दौरान आरोपियों और उनके साथियों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। लोहे की रॉड से वार कर एसओजी के सिपाही मधुर का सिर फोड़ दिया गया, जबकि पिस्टल छीनने की भी कोशिश की गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस फोर्स ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
डंपरों से चोरी हुई थीं महंगी बैटरियां
पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक साइट पर खड़े पांच डंपरों से महंगी बैटरियां चोरी की गई थीं।
इसी मामले के खुलासे के लिए एसओजी और स्थानीय पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। गुरुवार रात सूचना मिली कि चोरी की बैटरियां एक वाहन में लादी जा रही हैं।
सूचना मिलते ही एसओजी-2 प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पदारथपुर के पास संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर ली।
भागते आरोपियों का पीछा, तभी हुआ हमला
घेराबंदी होते ही वाहन में सवार दोनों आरोपी उतरकर भागने लगे।
एक आरोपी नाले की ओर दौड़ा, जिसे सिपाही मधुर ने पीछा कर पकड़ लिया। इसी दौरान सड़क पर वाहन खड़ा होने से जाम लग गया।
जाम में फंसे एक डंपर चालक ने पुलिस से अभद्रता शुरू कर दी और पास स्थित मंदिर पर बैठे अपने साथियों को बुला लिया।
मंदिर से पहुंचे दबंग, पुलिस टीम पर धावा
डंपर चालक के इशारे पर कई दबंग मौके पर पहुंच गए और अचानक एसओजी टीम पर हमला बोल दिया।
आरोपियों ने सिपाही से सरकारी पिस्टल छीनने की कोशिश की और लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
भारी पुलिस फोर्स पहुंची, छह आरोपी दबोचे
घटना की सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर इंस्पेक्टर चंद्र प्रकाश शुक्ला और आसपास के थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। देर रात तक चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
SSP अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस टीम पर हमले के मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। चोरी की बैटरियों के पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।