शराब के विरोध पर बवाल: पति और देवर ने महिला को डंडों से पीटा, हालत गंभीर

Spread the love

शराब के विरोध पर बवाल: पति और देवर ने महिला को डंडों से पीटा, हालत गंभीर

बरेली में घरेलू हिंसा की वारदात: पति-देवर की पिटाई से महिला जिला अस्पताल में भर्ती

काम करने को कहा तो टूट पड़ा पति, देवर संग मिलकर महिला को बेरहमी से पीटा

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। थाना बिशारतगंज क्षेत्र के गांव नंदगांव में घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। 35 वर्षीय महिला ललिता को उसके पति और देवर ने मिलकर बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

पीड़िता ललिता ने बताया कि उसके पहले पति हीरालाल की बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। इसके बाद परिवार के दबाव में उसका विवाह रिश्ते में तहेरे जेठ प्रेमराज से करा दिया गया। ललिता का आरोप है कि प्रेमराज शराब का लती है और कोई रोजगार नहीं करता। वह रोजाना गांव में बैठकर शराब पीता रहता है।

घटना के दिन भी प्रेमराज शराब के नशे में था। जब ललिता ने उसे शराब छोड़ने और काम करने की सलाह दी तो वह आगबबूला हो गया। आरोप है कि इसी दौरान प्रेमराज ने अपने भाई अतवारी के साथ मिलकर ललिता की डंडों से पिटाई कर दी।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल ललिता को पहले परिजन और ग्रामीण मझगांवा सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta