बरेली में कानून को चुनौती: जन्मदिन पार्टी पर धावा, बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर मुकद्दमा हुआ दर्ज

Spread the love

बरेली में कानून को चुनौती: जन्मदिन पार्टी पर धावा, बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर मुकद्दमा हुआ दर्ज

बालिग युवती के साथ दोस्तों की मौजूदगी को बताया ‘लव जिहाद’, पुलिस ने कहा—कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

रिपोर्ट/सौरभ गुप्ता

बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक कैफे में आयोजित जन्मदिन पार्टी के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने बजरंग दल के दीपक पाठक, ऋषभ ठाकुर समेत 15–20 नामजद व अज्ञात कार्यकर्ताओं के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर के एक हॉस्टल में रहने वाली एक बालिग युवती प्राइवेट कॉलेज से बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है।

शनिवार को उसके जन्मदिन के अवसर पर उसने अपने दोस्तों के साथ प्रेमनगर स्थित दि डेन कैफे एंड रेस्टो में पार्टी आयोजित की थी। पार्टी में कुल 10 लोग शामिल थे, जिनमें छह युवतियां और चार युवक थे। चार युवकों में दो युवक मुस्लिम समुदाय से बताए जा रहे हैं।

आरोप है कि पार्टी में मुस्लिम युवकों की मौजूदगी की सूचना किसी ने हिंदूवादी संगठनों को दे दी। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और बिना किसी वैधानिक जांच के ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाते हुए कैफे के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कैफे के अंदर तक घुस आए, जिससे अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना पर पहुंची प्रेमनगर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और युवती समेत अन्य लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ की। इस दौरान एक युवक वाकिफ मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक शान को हिरासत में लिया गया।

प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने शांति भंग में चालान की कार्रवाई की, लेकिन मामला संज्ञान में आते ही सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने फरार युवक की गिरफ्तारी न होने पर कड़ी नाराजगी जताई।

इसके बाद दबिश देकर वाकिफ की तलाश की गई और दोनों युवकों व कैफे के एक स्टाफ सदस्य का शांति भंग में चालान किया गया।

जांच में पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवती बालिग है और उसने अपनी मर्जी से दोस्तों के साथ पार्टी की थी। युवती के परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए। तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हंगामा करने वाले बजरंग दल कार्यकर्ताओं की भूमिका को गंभीर मानते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने, भीड़ के दम पर आरोप गढ़ने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे किसी भी संगठन से जुड़े हों। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta