
अब तक-28: पीएम मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान’
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
नई दिल्ली! अदीस अबाबा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत-इथियोपिया के मजबूत होते रिश्तों और ग्लोबल साउथ में भारत की नेतृत्वकारी भूमिका की अंतरराष्ट्रीय मान्यता है।
इस सम्मान के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक दुनिया के विभिन्न देशों से करीब 28 सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जो किसी भी भारतीय नेता के लिए एक रिकॉर्ड उपलब्धि मानी जा रही है।
‘ग्रेट ऑनर निशान’ इथियोपिया के साम्राज्यकालीन गौरव और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। यह सम्मान उन विदेशी राष्ट्राध्यक्षों, राजाओं और विशिष्ट व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने इथियोपिया की सेवा की हो या द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई हो।
इस प्रतिष्ठित सम्मान की स्थापना इथियोपिया के सम्राट मेनेलिक द्वितीय द्वारा वर्ष 1884-85 में की गई थी।
सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उन सभी भारतीयों और इथियोपियाई नागरिकों को समर्पित है, जिन्होंने वर्षों से दोनों देशों के रिश्तों को मजबूती देने में योगदान दिया और आपसी सहयोग को आगे बढ़ाया।