
बरेली मे नवरात्र पर मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, कुट्टू-सिंघाड़े के आटे से लेकर घी तक के नमूने भरे
बरेली में दो दिन चला अभियान, मिठाई की दुकानों और बड़े स्टोरों पर भी छापेमारी; जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। नवरात्र के दौरान व्रत रखने वालों की थाली में परोसे जाने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता परखने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम मैदान में उतर आई है। मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए विभाग ने 10 और 11 अक्तूबर को शहर के अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, मूंगफली, मिठाइयों और घी समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आयुक्त के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश पर यह अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों और निर्माण इकाइयों की जांच की।
कुट्टू-सिंघाड़े के आटे से लेकर साबूदाने तक की जांच
10 अक्तूबर को टीम ने माधोबाड़ी स्थित विजय एंड कंपनी की निर्माण इकाई से सत्याज विजय श्री ब्रांड के कुट्टू के आटे का पैक नमूना, सिंघाड़े के आटे का पैक नमूना और खुले कुट्टू के आटे का नमूना लिया। मिनी बाईपास स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार से खुले साबूदाने, मूंगफली के दाने और साबूदाना पापड़ के नमूने लिए गए।
आईवीआरआई रोड स्थित मुल्ला जी चावल वालों के यहां से सप्तऋषि ब्रांड के कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए। वीर सावरकर नगर स्थित अभयदीप एंटरप्राइजेज से बारी फ्रेश ब्रांड के कुट्टू के आटे का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
मिठाई की दुकान से घी की निर्माण इकाई तक पहुंची टीम
11 अक्तूबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी रही। धनेटा रेलवे फाटक स्थित जय मां दुर्गे स्वीट्स से लौज और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। अशरफ खान की छावनी स्थित हाफिज किराना स्टोर से सिंघाड़े के आटे और जोगी नवादा स्थित हरिओम किराना स्टोर से कुट्टू के आटे का नमूना लिया गया।
वहीं, स्टेडियम रोड स्थित श्री कृष्णा घी की निर्माण इकाई से घी के दो नमूने लिए गए। इनमें एक नमूना पैक्ड टिन से और दूसरा खुले घी से लिया गया।
रिपोर्ट में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सभी नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान, जितेंद्र कुमार, तेज बहादुर, देवेंद्र कुमार, ज्योत्सना त्रिपाठी, मुकेश कुमार, हिमांशु, अनिल प्रताप और राकेश कुमार मौजूद रहे।
