
प्रो. त्रिलोचन शर्मा ने संभाली नई जिम्मेदारी, होटल मैनेजमेंट विभाग में हुआ जोरदार स्वागत
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। होटल मैनेजमेंट विभाग एवं बीएससी टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ऑपरेशन में सोमवार को नए विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. त्रिलोचन शर्मा के कार्यभार ग्रहण करने पर शिक्षकों ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। विभाग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षक साथियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
कार्यक्रम में विभाग के शिक्षकों ने प्रो. त्रिलोचन शर्मा का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उनके सम्मान में जलपान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। शिक्षकों ने कहा कि प्रो. शर्मा के अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ विभाग और विद्यार्थियों को मिलेगा। उनके कार्यकाल में विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों को और बेहतर दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई।
प्रो. त्रिलोचन शर्मा ने शिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि विभाग की प्रगति के लिए सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग से सामूहिक रूप से कार्य किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता, व्यावहारिक प्रशिक्षण और विभाग की गतिविधियों को प्राथमिकता देने की बात कही।
इस दौरान डॉ. हेमा वर्मा, विजय अग्रवाल, आजाद हुसैन, पारस संतोषी, मुकेश कुमार, विशाल गौतम, सचिन वर्मा, रवि सिन्हाल और एकता सक्सेना समेत विभाग के शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने प्रो. त्रिलोचन शर्मा को नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में विभाग नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने प्रो. शर्मा के साथ विभाग की आगामी शैक्षणिक गतिविधियों और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को लेकर भी चर्चा की। पूरे कार्यक्रम के दौरान विभाग में उत्साह और सौहार्द का माहौल रहा।