
पहले बिजली बिल दिखाओ, तब होगा फाल्ट ठीक! एसडीओ के रवैये से भड़के ग्रामीण
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। इज्जतनगर विद्युत उपकेंद्र के फरीदापुर चौधरी में बिजली व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। करीब 100 परिवार गुरुवार शाम से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण अंधेरे में रहने को मजबूर रहे। आरोप है कि क्षेत्र में आए दिन बिजली फाल्ट होता है, लेकिन शिकायतों के बावजूद समय पर निस्तारण नहीं किया जाता।
शुक्रवार को जब बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए इज्जतनगर के एसडीओ सचिन शर्मा से संपर्क किया गया तो उन्होंने फाल्ट ठीक कराने के बजाय पहले बिजली बिल दिखाने की बात कही। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। लोगों का कहना है कि फाल्ट दूर कराना बिजली विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन एसडीओ सचिन शर्मा का यह रवैया उपभोक्ताओं को परेशान करने वाला है। भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा बच्चे और बुजुर्ग प्रभावित हो रहें हैं। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद एसई रूरल ने तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए जिसके बाद प्रभावित क्षेत्र की आपूर्ति बहाल करने के कर्मचारी पहुंचे।
लो वोल्टेज और ट्रिपिंग से परेशान हुए ग्रामीण
फरीदापुर चौधरी में बिजली फाल्ट और लो-वोल्टेज की समस्या लगातार बनी रहती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा सका है। सब स्टेशन के जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। लगातार फोन करने बाद भी सब स्टेशन पर तैनात कर्मचारी कॉल रिसीव नहीं करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना कि अगर ऐसे ही अधिकारी उपभोक्ताओं की समस्याओं को नजरअंदाज करते रहे तो सरकार की बेहतर बिजली व्यवस्था देने की मंशा पर भी सवाल उठेंगे।