
बरेली में पी कुमार स्वीट हाउस बना आग का गोला, छह दमकल गाड़ियों ने घंटों बाद पाया काबू, देखें 3 वीडिओ…
मिठाई की दुकान में आधी रात भड़की भीषण आग, सिलिंडर धमाकों से दहला इलाका
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के बैरियर नंबर-1 चौकी इलाके में मंगलवार तड़के एक मिठाई की दुकान में लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। एयरफोर्स गेट के पास स्थित पी कुमार स्वीट हाउस में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब दो बजे दुकान से आग निकलती देख लोगों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग तेजी से दुकान और उससे जुड़े स्टोर तक फैल गई। इस दौरान दुकान के अंदर रखे एलपीजी सिलिंडर भी आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते एक सिलिंडर में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने एक के बाद एक छह दमकल वाहनों को मौके पर भेजा। दमकल कर्मियों ने कई घंटे तक लगातार मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कड़ी मेहनत के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों और रिहायशी मकानों को सुरक्षित बचाया जा सका।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जा रही है। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा मिठाई बनाने का सामान, मशीनें, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामग्री जलकर नष्ट हो गई।
घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये की संपत्ति राख हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
