
रामपुरा भुर्ड में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ हुआ हनुमान चालीसा पाठ, बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे उपस्थित
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
सिरौली/रामपुर भुर्ड। ग्राम रामपुर भुर्ड में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं, साधु-संतों एवं संगठन के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। संपूर्ण वातावरण जय श्री राम और जय बजरंगबली के जयघोषों से भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया, जिसके पश्चात सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान जी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में नागा साधुओं सहित अनेक साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। संतों ने अपने आशीर्वचन में कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। युवाओं को अपनी संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जुड़े रहना चाहिए।
इस अवसर पर हिंदू हेल्पलाइन के जिला अध्यक्ष नितिन पांडे ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल लगातार धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा का नियमित पाठ व्यक्ति के जीवन में आत्मबल, साहस एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष मनवीर सिंह, हिंदू हेल्पलाइन जिला महामंत्री विवेक गुप्ता, राष्ट्रीय बजरंग दल के वरिष्ठ कार्यकर्ता कृष्ण पाल सिंह, संतोष सिंह, लव ठाकुर सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हनुमान चालीसा पाठ के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। आयोजन की सफलता पर उपस्थित लोगों ने अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सराहना की।
