
बरेली में कबूतरखाने में भड़की आग, दर्जनों बेजुबान कबूतर जिंदा जले, छत पर बने दड़बे में मची तबाही, लोगों ने बाल्टियों से बुझाई आग, देखें वीडिओ…..
तंग गलियों के कारण नहीं पहुंच सकी दमकल, आग के कारणों की जांच शुरू
बरेली में कबूतरखाने में लगी आग, कई दर्जन कबूतरों की मौत, मोहल्ले में मचा हड़कंप
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के कुतुबशाह की जियारत इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक मकान की छत पर बने कबूतरखाने में अचानक आग लगने से कई दर्जन कबूतर झुलस गए, जबकि अनेक पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई और मोहल्ले के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, जियारत के निकट रहने वाले उवैश के मकान की छत पर कबूतरों को रखने के लिए दड़बा बनाया गया था। सुबह अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कबूतरखाने को अपनी चपेट में ले लिया। दड़बे में बंद पक्षियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला, जिससे बड़ी संख्या में कबूतर आग की भेंट चढ़ गए।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। उन्होंने बाल्टियों, पाइप और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आग आसपास के मकानों तक पहुंच सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
संकरी गलियों के कारण नहीं बुलाई गई दमकल
घटना घनी आबादी और संकरी गलियों वाले इलाके में हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल वाहन के वहां तक पहुंचने में कठिनाई होने की आशंका के चलते विभाग को सूचना नहीं दी गई। आग बुझने के बाद बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घटना की कोई आधिकारिक सूचना विभाग को नहीं मिली थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। आग के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित टीम को मौके पर भेजा जाएगा।
इस घटना ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया। बेजुबान पक्षियों की दर्दनाक मौत से मोहल्ले में शोक का माहौल है।
