
“सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास” : सिरौली पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन और अधिकारों की दी जानकारी
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
बरेली। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस की सिरौली थाना पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और युवतियों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना रहा।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, साइबर अपराध या अन्य परेशानियों की स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता लेनी चाहिए। अधिकारियों ने महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराकर तुरंत मदद प्राप्त की जा सकती है।
पुलिस टीम ने महिलाओं को आत्मरक्षा, शिक्षा, डिजिटल सुरक्षा और सामाजिक भागीदारी के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाएं समाज की मजबूत नींव हैं और उनका सशक्त होना परिवार तथा राष्ट्र की उन्नति के लिए बेहद जरूरी है। महिलाओं को निर्भीक होकर आगे बढ़ने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और हर क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करते हैं। वहीं सिरौली थाना पुलिस ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।