
बरेली मे भरभराकर गिरी रोडवेज वर्कशॉप की 12 फिट ऊँची दीवार, रिक्शा चालक गंभीर घायल
पहले से जर्जर थी दीवार, चेतावनियों के बावजूद नहीं जागा विभाग
दीवार की चपेट में आई वैगनआर, बाल-बाल बची बड़ी त्रासदी
हादसे के बाद भी नदारद अधिकारी, लोगों में भारी आक्रोश
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहर के सिंधुनगर क्षेत्र स्थित कटरा चांद खां में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब रोडवेज वर्कशॉप की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में एक रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पास खड़ी एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से दीवार खतरनाक हालत में थी, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
सुबह करीब 7 बजे हुए इस हादसे में छोटेलाल नाम के रिक्शा चालक को गंभीर चोटें आईं। दीवार के मलबे में दबने से उसके पैर में चार जगह फ्रैक्चर हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हादसे की चपेट में एक वैगनआर कार भी आ गई, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार में उस समय केवल चालक मौजूद था, जिसे मामूली चोटें आईं। बड़ा हादसा टलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सैटेलाइट चौकी इंचार्ज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।
क्षेत्र के पार्षद और स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह दीवार कई महीनों से जर्जर हालत में थी। कई बार रोडवेज वर्कशॉप के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन हर बार अनदेखी की गई। लोगों का आरोप है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा था।
सबसे हैरानी की बात यह है कि हादसे के कई घंटे बाद तक भी रोडवेज वर्कशॉप का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
