बहेड़ी में पुलिस का एक्शन: 40 मुकदमों वाला शातिर अपराधी अवैध तमंचे संग गिरफ्तार

Spread the love

 

बहेड़ी में पुलिस का एक्शन: 40 मुकदमों वाला शातिर अपराधी अवैध तमंचे संग गिरफ्तार

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। अपराध के खिलाफ सख्त अभियान चला रही बहेड़ी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक ऐसे शातिर अपराधी को दबोच लिया, जिस पर पहले से 40 से ज्यादा संगीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है, जिससे इलाके में दहशत फैलाने की उसकी साजिश पर ब्रेक लग गया।

मंगलवार 28 अप्रैल की रात करीब 9:42 बजे, थाना बहेड़ी पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति गुरसौली रोड पर ट्यूबवेल के पास हथियार के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम—उप निरीक्षक अंकित सिंह बघेल, उप निरीक्षक रजनीश कुमार, हेड कांस्टेबल रोहित कुमार और ओवेन्द्र सिंह—ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को घेराबंदी कर धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अलीम पुत्र मोहम्मद लईक, निवासी मोहल्ला शेखूपुर, थाना बहेड़ी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह अवैध हथियार के दम पर लोगों में खौफ पैदा कर वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गौवध, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में 40 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta