बरेली मे नशे में धुत डॉक्टर की थार रफ्तार बनी काल, थार के तांडव से किसान की हुई मौत, टेम्पो चालक भी घायल, मचा हड़कंप

Spread the love

 

बरेली मे नशे में धुत डॉक्टर की थार रफ्तार बनी काल, थार के तांडव से किसान की हुई मौत, टेम्पो चालक भी घायल, मचा हड़कंप

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार और नशे का खतरनाक संगम एक परिवार पर भारी पड़ गया। एक डॉक्टर की लापरवाही ने सड़क पर ऐसा कहर बरपाया कि एक किसान की जान चली गई, जबकि टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना गांव बभिया के पास ग्रामीण बैंक के निकट की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज गति से आ रही थार ने सामने से आ रहे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह घायलों को बाहर निकाला।

हादसे में चनेहटी निवासी टेंपो चालक अमन कुमार और सवार किसान ओमकार कश्यप (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान ओमकार कश्यप ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वह इचौरी से दवा लेकर अपने गांव मिर्जापुर लौट रहे थे। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर है। मृतक के पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि थार चला रहा आरोपी फरीदपुर के लौंगपुर गांव निवासी डॉ. तौफीक अंसारी था, जो नशे में धुत था। हादसे के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई।

कैंट थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta