
सिरौली में TVS एजेंसी में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
सिरौली (बरेली)। नगर के रामनगर रोड स्थित TVS एजेंसी में गुरुवार को अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पाकर एजेंसी संचालक जब मौके पर पहुंचे तो शोरूम के अंदर का नजारा बेहद भयावह था। कैश काउंटर पूरी तरह जल चुका था, वहीं एलईडी, फ्रिज, कुर्सियां समेत अन्य फर्नीचर भी आग की चपेट में आकर राख हो गए। आग के कारण शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे भी नष्ट हो गए, जिससे घटना की रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं हो सकी।
आग की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसकी गर्मी से शोरूम के शीशे तक चटककर फटने लगे। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते शोरूम में खड़ी गाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सचिन यादव ने बताया कि आग अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और पूरे शोरूम में फैल गई।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
