सिरौली में खाटू श्याम महोत्सव: भक्ति के रंग में रंगा नगर, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था

Spread the love

 

 

सिरौली में खाटू श्याम महोत्सव: भक्ति के रंग में रंगा नगर, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था

रिपोर्ट : विवेक गुप्ता 

सिरौली (बरेली)। आंवला रोड स्थित शांति गार्डन परिसर में शुक्रवार को दो दिवसीय खाटू श्याम महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। श्याम कुंडल संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में बरेली सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों और पड़ोसी राज्यों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा क्षेत्र ‘हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

महोत्सव स्थल को आकर्षक फूलों की सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत होते ही इत्र वर्षा की गई, जिससे वातावरण भक्तिमय और सुगंधित हो गया। बाबा के दरबार की अलौकिक छटा ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर देश-विदेश में प्रसिद्ध भजन गायिका अंजलि द्विवेदी ने अपनी मधुर आवाज में बाबा के भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। उनके साथ इंदौर के शिवम रावल, रुद्रपुर के राहुल कक्कड़ और कानपुर की शर्मा सिस्टर्स ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

दो दिवसीय महोत्सव में रामपुर, मुरादाबाद, शाहबाद, चंदौसी, बदायूं और शाहजहांपुर सहित कई जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। नगर पंचायत द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष साफ-सफाई, पेयजल और चलित शौचालयों की व्यवस्था की गई थी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और महिला कर्मियों की तैनाती रही, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

महोत्सव का समापन भव्य महाआरती और छप्पन भोग के प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में अर्चित गुप्ता, शोभित गुप्ता, मोहित, आर्यन गुप्ता सुलभ गुप्ता सहित श्याम कुंडल संस्था के सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta