भोजीपुरा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो वांछित गिरफ्तार

Spread the love

 

भोजीपुरा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो वांछित गिरफ्तार

जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में लगी गोली, अवैध असलाह व गौकशी के उपकरण बरामद

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरक्षी बाल-बाल बच गया।

पुलिस के मुताबिक, रात में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध अधिनियम और आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित शकील उर्फ मूंछ, निवासी धौरा टांडा, अपने साथियों के साथ मझुआ गंगापुर के जंगल में गौकशी की तैयारी में मौजूद है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी।

करीब 1:40 बजे पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली आरक्षी विपिन के बाजू को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शकील उर्फ मूंछ के दाहिने पैर और उसके साथी सलीम उर्फ कलिया, निवासी भूड़ा, के बाएं पैर में गोली लग गई। दोनों को मौके से दबोच लिया गया।

मौके से पुलिस ने दो अवैध तमंचे (315 बोर), दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान उनके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।

घायल बदमाशों और आरक्षी को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों पर पहले से कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। सलीम उर्फ कलिया के खिलाफ करीब एक दर्जन आपराधिक मामले बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta