तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, घर में पसरा मातम

Spread the love

 

तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, घर में पसरा मातम

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। धोरा टांडा निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद तालिब की अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद तालिब चावल का कारोबार करते थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बीती शाम वह मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में गिरधरपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में कनमन और देवरनिया के बीच एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तालिब सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची गश्ती पुलिस ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि तालिब छह भाइयों में सबसे छोटे थे, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta