पताका यात्रा से गूंज उठी ब्रह्मपुरी, 166वीं फाल्गुनी रामलीला का भव्य शुभारंभ

Spread the love

 

पताका यात्रा से गूंज उठी ब्रह्मपुरी, 166वीं फाल्गुनी रामलीला का भव्य शुभारंभ

गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल: मुस्लिम समाज ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, आज से मंचन शुरू

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। शहर की ऐतिहासिक बड़ी ब्रह्मपुरी में आयोजित 166वीं फाल्गुनी रामलीला का शुभारंभ बुधवार को पारंपरिक पताका यात्रा के साथ हुआ। श्री नरसिंह मंदिर से विधि-विधान के साथ निकली यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्वागत हुआ, वहीं पीस कमेटी के नदीम इकबाल ने अपने साथियों के साथ पुष्पवर्षा कर गंगा-जमुनी संस्कृति की खूबसूरत मिसाल पेश की।

श्री नरसिंह मंदिर में सबसे पहले भगवान श्री गणेश और हनुमान जी का पूजन किया गया। पूजन कमेटी अध्यक्ष राजू मिश्रा, मुख्य अतिथि उद्यमी अभिनव कटरू और डॉ. विनोद पागरानी ने पंडित केशरी नंदन कौशिक के सानिध्य में विधिवत अनुष्ठान संपन्न कराया। पूजा के बाद पताका यात्रा शुरू हुई, जिसमें सैकड़ों रामभक्त शामिल हुए।

यात्रा ब्रह्मपुरी, मलूकपुर चौराहा, मोहल्ला सौदागरान, सीताराम कूंचा, बड़े बाजार, गढ़ैया और छोटी ब्रह्मपुरी होते हुए मूंछों वाले हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यहां मंदिर प्रांगण में स्थित पीपल के वृक्ष पर पताका बांधकर भगवान से रामलीला आरंभ करने की अनुमति ली गई।

रामलीला कमेटी के प्रवक्ता विशाल मेहरोत्रा ने बताया कि गुरुवार शाम से मंचन की शुरुआत होगी। पहले दिन की लीला को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कलाकारों में खासा उत्साह है।

बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु

पताका यात्रा में संरक्षक अनुपम कपूर, डॉ. विनोद पागरानी, युवा अध्यक्ष गौरव सक्सेना, नवीन शर्मा, देश दीपक शर्मा, राजीव खुराना, पंकज मिश्रा, अंशु सक्सेना, विवेक शर्मा, उमेश रस्तोगी, पंडित सुरेश कटिहा, रोहित अग्रवाल समेत कमेटी के अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू मिश्रा, महामंत्री सुनील रस्तोगी, उपाध्यक्ष नीरज रस्तोगी, पार्षद संजीव रस्तोगी, कोषाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सामाजिक और धार्मिक गणमान्य जन उपस्थित रहे।

फाल्गुनी रामलीला का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि शहर की साझा संस्कृति और आपसी सौहार्द का भी प्रतीक बन चुका है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta