
बारादरी थाने में सनसनी: डिलीवरी ब्वॉय ने खुद को लगाई आग, जिंदगी और मौत से जूझ रहा युवक
बाइक न मिलने से था परेशान? थाने के अंदर उठाया खौफनाक कदम, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहर के बारादरी थाना परिसर में मंगलवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। करीब साढ़े दस बजे एक डिलीवरी ब्वॉय ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। अचानक उठी आग की लपटों से थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक कुछ ही क्षणों में आग से घिर गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है।
जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले युवक की बाइक से हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया था। कार्रवाई के तहत पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल थाने में खड़ी करा ली थी। परिजनों का कहना है कि युवक उसी बाइक के सहारे रोजी-रोटी कमाता था और वाहन न मिलने से वह मानसिक रूप से बेहद तनाव में था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात वह दोबारा थाने पहुंचा और बाइक वापस करने की गुहार लगाई। आरोप है कि जब उसे तत्काल राहत नहीं मिली तो वह आक्रोशित हो उठा और अचानक यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जाएगी।
इस सनसनीखेज घटना ने जहां पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव से जूझ रहे युवाओं की स्थिति को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।