
सुपर-8 के बाद सेमीफाइनल में फिर बन सकता है “भारत-पाक” का ‘महामुकाबला’
रिपोर्ट : नई दिल्ली ब्यूरो
नई दिल्ली। टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच एक और टक्कर की संभावनाओं ने क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें तेज कर दी हैं। ग्रुप चरण में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर अपनी ताकत का अहसास कराया, वहीं हार के बाद पाकिस्तान ने दमदार वापसी करते हुए सुपर-8 का टिकट कटाया। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी सेमीफाइनल में फिर आमने-सामने होंगे।
ग्रुप मुकाबले में भारत की जीत के हीरो ईशान किशन रहे, जिन्होंने 40 गेंदों पर 77 रन की विस्फोटक पारी खेली। गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने पाकिस्तानी बल्लेबाजी क्रम को बिखेर दिया। इस जीत के साथ भारत ने अजेय रहते हुए सुपर-8 में प्रवेश किया।
दूसरी ओर, पाकिस्तान ने नामीबिया के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर टूर्नामेंट में वापसी की। साहिबजादा फरहान के शतक ने टीम का नेट रन रेट सुधारा और उन्हें सुपर-8 में पहुंचने वाली आखिरी टीम बना दिया।
सुपर-8 का समीकरण और सेमीफाइनल का गणित
टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार सुपर-8 में आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत और पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप में हैं, इसलिए इस चरण में उनका आमना-सामना नहीं होगा।
ग्रुप-1: भारत, जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज
ग्रुप-2: पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, श्रीलंका
सेमीफाइनल में भिड़ंत के लिए दो संभावनाएं बनती हैं—
स्थिति-1: भारत ग्रुप-1 में शीर्ष पर रहे और पाकिस्तान ग्रुप-2 में दूसरे स्थान पर रहे।
स्थिति-2: भारत ग्रुप-1 में दूसरे स्थान पर रहे और पाकिस्तान ग्रुप-2 में पहले स्थान पर रहे।
मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारत के अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहने की संभावना प्रबल मानी जा रही है। हालांकि पाकिस्तान को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमों से पार पाना होगा।
अगर दोनों टीमें अपने-अपने सेमीफाइनल जीतती हैं तो फाइनल में भी ऐतिहासिक मुकाबला देखने को मिल सकता है। याद दिला दें कि 2007 के पहले टी20 विश्व कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था।
अब देखना दिलचस्प होगा कि सुपर-8 की इस जंग के बाद क्रिकेट जगत को एक और भारत-पाक महामुकाबला देखने को मिलता है या नहीं।
