
नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से गांव-गांव पहुँचा महिला सम्मान और जागरूकता का संदेश
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, लखनऊ के निर्देश पर जनपद बरेली में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला सूचना अधिकारी, बरेली के संयोजन में विकासखंड मझगवां की विभिन्न ग्राम पंचायतों—बेहटा बुजुर्ग, मझगवां, निसोई, राधे नगर, मिलक बहादुर गंज और दसीपुर—में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए।
इन कार्यक्रमों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से पंजीकृत वीर विजय नृत्य नाट्य संस्था, बरेली के कलाकारों ने प्रभावशाली नाट्य मंचन के जरिए सामाजिक कुरीतियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई। संस्था के निर्देशक रवि प्रकाश सक्सेना के नेतृत्व में कलाकारों—गुड्डू सागर, प्रदीप कुमार, आकाश सक्सेना, महेशानंद, आशा दिवाकर, राखी यादव, दीपक चौधरी, विश्राम सिंह, अतुल मौर्य और रमेश अटल—ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, दहेज प्रथा उन्मूलन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा महिला सुरक्षा से जुड़े टोल फ्री नंबर 181, 1090, 1098 और 112 जैसे महत्वपूर्ण विषयों को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया।
कलाकारों ने अपनी सशक्त प्रस्तुति के माध्यम से मातृशक्ति के सम्मान, बालिकाओं की शिक्षा, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के लाभ के प्रति लोगों को जागरूक किया। ग्रामीणों ने भी इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक बदलाव के इस प्रयास का समर्थन किया।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था के निर्देशक रवि प्रकाश सक्सेना ने विकासखंड मझगवां के खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) तथा संबंधित ग्राम प्रधानों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।