
कौशल से सशक्तिकरण तक: बरेली कॉलेज में एनएसएस शिविर के छठे दिन छात्राओं ने सीखे हुनर
स्वच्छता, पर्यावरण और सड़क सुरक्षा पर निकली जागरूकता मुहिम, समापन समारोह की तैयारियां तेज
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली! बरेली कॉलेज, बरेली में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की छात्रा इकाई प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय द्वारा संचालित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिन की शुरुआत एनएसएस के लक्ष्य गीत के सामूहिक गायन से हुई, जिसके साथ ही छात्राओं में सेवा, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण का भाव पुनः जागृत किया गया।
पहले सत्र में कौशल विकास गतिविधियों के अंतर्गत छात्राओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक अवनीत कौर ने प्रतिभागियों को कढ़ाई, फैब्रिक कलर पेंटिंग और आर्टिफिशियल ज्वेलरी निर्माण की बारीकियां सिखाईं। छात्राओं ने पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त किया और स्वयं के हुनर को निखारने का संकल्प लिया।
द्वितीय सत्र में तीनों इकाइयों की छात्राएं अपने-अपने चयनित क्षेत्रों में पहुंचीं और आमजन को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। घर-घर संपर्क कर छात्राओं ने लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, प्लास्टिक के उपयोग से बचने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। जागरूकता अभियान को स्थानीय नागरिकों का भी सकारात्मक सहयोग मिला।
शिविर के समापन की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। छात्राओं ने अगले दिन होने वाले समापन समारोह के लिए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अभ्यास किया। शिविर के दौरान विकसित आत्मविश्वास और टीम भावना सांस्कृतिक तैयारियों में स्पष्ट रूप से झलकती दिखाई दी।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शीतल गुप्ता, डॉ. अजीता सिंह तिवारी और डॉ. अमिता गुप्ता की उपस्थिति में सभी स्वयंसेविकाएं सक्रिय रहीं। अधिकारियों ने छात्राओं के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्हें समाजसेवा के प्रति निरंतर समर्पित रहने का संदेश दिया।
