
मीरगंज पुलिस की मिली बड़ी सफलता: 6 साल पुरानी चोरी की बाइक बरामद, युवक गिरफ्तार
चेकिंग के दौरान पकड़ी गई चोरी की सुपर स्प्लेंडर, मुरादाबाद से था केस दर्ज
छह साल बाद खुला चोरी का राज, मीरगंज में युवक दबोचा गया
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। जनपद बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस को वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद बाइक हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर बताई जा रही है, जो लगभग छह साल पहले मुरादाबाद जिले से चोरी हुई थी।
अभियान के दौरान हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मीरगंज के पर्यवेक्षण में थाना मीरगंज पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
15 फरवरी की रात नरवरिया तिराहा के पास उपनिरीक्षक जय प्रकाश, उपनिरीक्षक अरुण कुमार तथा हेड कांस्टेबल दुष्यंत कुमार वाहन व संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को रोककर पूछताछ की, जिसके पास मौजूद मोटरसाइकिल के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए।
आरोपी की पहचान
पुलिस ने मौके से महेंद्र पाल पुत्र मंगलसेन, निवासी ग्राम पहुँचा खदुम, थाना मीरगंज, बरेली (उम्र लगभग 27 वर्ष) को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिल थाना मझौला, जनपद मुरादाबाद से चोरी हुई थी। इस संबंध में वहां वर्ष 2015 में मुकदमा अपराध संख्या 427/15 धारा 379 आईपीसी के तहत मामला दर्ज था।
नया मुकदमा दर्ज
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना मीरगंज में मुकदमा अपराध संख्या 72/26 धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पूछताछ में क्या बोला आरोपी?
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसने यह बाइक करीब छह साल पहले खरीदी थी। हालांकि पुलिस की जांच में वाहन चोरी का निकला, जिसके बाद उसे विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार करने वाली टीम :-
प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर, उपनिरीक्षक जय प्रकाश, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, हेड कांस्टेबल दुष्यंत कुमार