
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में अपना दल (मेरा वादी) की अहम बैठक, नए सदस्यों का स्वागत
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में अपना दल (मेरा वादी) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुभाष पटेल ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी देवेंद्र गंगवार ने संभाली। बैठक में विधि मंच के प्रदेश महासचिव गजेंद्र पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई। पार्टी की नीतियों और सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व से प्रभावित होकर कई लोगों ने सदस्यता ग्रहण की। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने की इच्छा जताने वाले कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
जिलाध्यक्ष ने युवा मंच की जिम्मेदारी राजकुमार गंगवार को दी। वहीं देवेंद्र गंगवार और पंकज पटेल को जिला उपाध्यक्ष, आतिश गंगवार को जिला महासचिव, प्रताप सिंह पटेल को जिला बौद्धिक मंच का दायित्व सौंपा गया। अमर सिंह को नवाबगंज युवा विधानसभा अध्यक्ष, ममता राजपूत को महिला मंच की जिलाध्यक्ष, इकरार अहमद को जिला सचिव और भानु पटेल को जिला कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. पल्लवी पटेल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया। साथ ही आगामी जिला पंचायत चुनाव और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर आशा गंगवार, नन्हे अहमद, रघुवीर पटेल, रवि गंगवार, प्रेम शंकर गंगवार, किरण चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।