अर्बन हाट बनेगा बरेली का मिनी-दुबई, फाइव स्टार होटल से मल्टीप्लेक्स तक होगा सब कुछ

Spread the love

 

अर्बन हाट बनेगा बरेली का मिनी-दुबई, फाइव स्टार होटल से मल्टीप्लेक्स तक होगा सब कुछ

बरेली को मिला नया रोजगार हब, अर्बन हाट में आएगा फाइव स्टार होटल और मल्टीप्लेक्स

स्मार्ट सिटी का मास्टरस्ट्रोक: अर्बन हाट से बदलेगी बरेली की पहचान

30 साल की डील, 352 करोड़ की कमाई और लाखों रोजगार… अर्बन हाट की बड़ी कहानी

अर्बन हाट से बदलेगी बरेली की तस्वीर, युवाओं के लिए खुलेगा रोजगार का खजाना

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकसित अर्बन हाट अब सिर्फ एक निर्माण नहीं, बल्कि बरेली के भविष्य की नई पहचान बनने जा रहा है। सोमवार को स्मार्ट सिटी कंपनी और मैसर्स वैगमाइन इंटरप्राइजेज के बीच हुए 30 वर्षों के ऐतिहासिक समझौते के साथ ही अर्बन हाट में फाइव स्टार होटल, मल्टीप्लेक्स, फूड कोर्ट, हस्तशिल्प केंद्र और ओपन एयर थिएटर के संचालन का रास्ता साफ हो गया।

इस परियोजना से न सिर्फ शहर की आर्थिक रफ्तार तेज होगी, बल्कि करीब एक लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

30 साल में 352 करोड़ की आय, हर दो साल में बढ़ेगा रेवेन्यू

अनुबंध के अनुसार संचालन एजेंसी हर साल 6.30 करोड़ रुपये स्मार्ट सिटी को देगी। खास बात यह है कि हर दो वर्ष में यह राशि 7% की दर से बढ़ेगी।

पूरे 30 वर्ष (15+15) की अवधि पूरी होने के बाद परियोजना के भविष्य पर नया निर्णय लिया जाएगा।

अनुबंध के बाद एजेंसी को 6 महीने का कूलिंग पीरियड मिलेगा, इसके बाद अगस्त से भुगतान शुरू हो जाएगा।

एक ही छत के नीचे शॉपिंग, मनोरंजन और ठहराव

विकास भवन के पास करीब 174 करोड़ रुपये की लागत से बने अर्बन हाट में शहरवासियों को ऑल-इन-वन शहरी अनुभव मिलेगा। यहां—

फाइव स्टार होटल (4 कमरे)

महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग 22-22 बेड की डोरमेट्री

मल्टीप्लेक्स थिएटर

रेस्टोरेंट और फूड कोर्ट

ओपन एयर थिएटर, ऑडिटोरियम और मल्टीपरपज हॉल

25 मीटर ऊंचा विशाल झूला

जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

बिना किराए चलेगा हैंडीक्राफ्ट सेंटर, ODOP को मिलेगी उड़ान

करीब 46,135 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित अर्बन हाट को 11 ब्लॉकों में बांटा गया है। यहां हैंडीक्राफ्ट सेंटर उद्योग विभाग द्वारा बिना किसी किराए के संचालित किया जाएगा।

यहां— प्रशिक्षण सत्र, हस्तशिल्प प्रदर्शनियां, इन्क्यूबेशन सेंटर, जरी-जरदोजी और अन्य स्थानीय कलाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।

अनुबंध में यह भी स्पष्ट है कि एजेंसी परिसर को न लीज पर दे सकेगी और न ही गिरवी रख सकेगी।

600 गाड़ियों की पार्किंग, विस्तार पर अलग से तय होगा शुल्क

अर्बन हाट में 600 वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की गई है, जिसमें—

342 बेसमेंट पार्किंग

258 सरफेस पार्किंग शामिल हैं।

स्मार्ट सिटी के सीईओ संजीव कुमार मौर्य के अनुसार, भविष्य में अगर अर्बन हाट का विस्तार किया गया तो उसका अलग से मूल्यांकन कर समिति द्वारा शुल्क तय किया जाएगा, जिससे स्मार्ट सिटी को अतिरिक्त राजस्व मिलेगा।

बरेली को मिलेगा “ऑल-इन-वन अर्बन डेस्टिनेशन”

नगर आयुक्त ने कहा कि अर्बन हाट के संचालन से बरेली को ऐसा शहरी केंद्र मिलेगा, जहां खरीदारी, खानपान, मनोरंजन और ठहरने की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। यह परियोजना बरेली के लिए मॉडल अर्बन प्रोजेक्ट साबित होगी।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta