मॉडल टाउन में आज तड़के ‘रेकी गैंग’ की आहट, वीडियो कॉल पर घरों की लाइव लोकेशन दिखाने का आरोप

Spread the love

 

मॉडल टाउन में आज तड़के ‘रेकी गैंग’ की आहट, वीडियो कॉल पर घरों की लाइव लोकेशन दिखाने का आरोप

कैप लगाए दो संदिग्धों की हरकतों से दहला मॉडल टाउन, 20 मिनट तक CCTV में कैद हुई रेकी

सुबह 4:40 बजे मॉडल टाउन में घुसपैठ, मोबाइल से घरों की जांच-पड़ताल करते युवक CCTV में रिकॉर्ड

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। शहर की हाई-प्रोफाइल और सुरक्षित मानी जाने वाली मॉडल टाउन कॉलोनी में मंगलवार तड़के संदिग्ध गतिविधियों ने लोगों की नींद उड़ा दी। सुबह करीब 4:40 बजे गली में दो अज्ञात युवक कैप लगाए घूमते नजर आए, जो मोबाइल फोन से लगातार वीडियो बनाते हुए इलाके की निगरानी करते दिखाई दिए। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि दोनों युवक वीडियो कॉल के जरिए अपने साथियों को घरों और गलियों की लाइव जानकारी दे रहे थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों संदिग्ध युवक गली में बार-बार चक्कर लगाते रहे। कभी किसी मकान के सामने रुकते, तो कभी मोबाइल पर बात करते हुए दिशा बदल लेते। उनकी गतिविधियां ऐसी लग रही थीं मानो किसी वारदात से पहले पूरे इलाके की रेकी की जा रही हो।

लाइट जलते ही बदली दिशा, फिर दूसरी गली में कोशिश…..

कॉलोनीवासियों का कहना है कि एक मकान के बाहर संदिग्ध रुककर भीतर झांकने की कोशिश कर रहे थे, तभी सामने वाले घर की लाइट जल गई। यह देखते ही दोनों युवक तुरंत पीछे हट गए और दूसरी गली की ओर बढ़ गए। वहां भी एक घर के पास संदिग्ध गतिविधि करते समय जब घर के लोगों की हलचल हुई, तो दोनों युवक अजीब आवाजें निकालते हुए मौके से भाग खड़े हुए।

CCTV फुटेज में 20 मिनट तक संदिग्ध मूवमेंट….

घटना के बाद कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में दोनों युवक करीब 20 मिनट तक गलियों में घूमते, रुक-रुककर वीडियो बनाते और फोन पर बात करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में उनकी तेज़ी से लोकेशन बदलने की हरकतें साफ नजर आ रही हैं।

दहशत में कॉलोनी, रातभर पहरा……

इस घटना के बाद मॉडल टाउन के लोग दहशत में हैं। कई परिवारों ने रात में पहरा देना शुरू कर दिया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि इससे पहले भी इलाके में आपराधिक घटनाओं की चर्चाएं रही हैं, ऐसे में इस बार की रेकी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

SSP से शिकायत, जल्द गिरफ्तारी की मांग……

जनसेवा ई-रिक्शा ऑटो चालक एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष मनजीत सिंह बिट्टू ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र सौंपकर मांग की है कि CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए, ताकि किसी बड़ी आपराधिक वारदात से पहले गैंग पर कार्रवाई हो सके।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta