
शादी के मंडप में ड्रामा: 9 साल का इश्क, 20 लाख की डिमांड और दूल्हे की फजीहत
शादी के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा: युवती बोली– 9 साल तक साथ रखा, अब दूसरी से विवाह!
बरेली में शादी बनी तमाशा: मंडप में हंगामा, प्रेमिका ने दूल्हे पर लगाया धोखे का आरोप
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली! बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में चल रही एक शादी उस समय सनसनी में बदल गई, जब रस्मों के बीच अचानक एक युवती मंडप में पहुंच गई। युवती ने खुले मंच से दूल्हे पर गंभीर आरोप लगाते हुए शादी रुकवाने की कोशिश की, जिससे समारोह में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही विवाह की रस्में आगे बढ़ रही थीं, तभी युवती ने मंडप में प्रवेश कर दूल्हे से जवाब तलब किया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
युवती का आरोप है कि उसका और दूल्हे का पिछले करीब 9 वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिया, लेकिन अब परिवार के दबाव में किसी और युवती से विवाह कर रहा है।
युवती ने यह भी दावा किया कि युवक उससे शादी के बदले 20 लाख रुपये की मांग कर रहा था। आरोप है कि रकम न मिलने पर युवक ने दूसरी शादी तय कर ली। युवती ने मंडप में मौजूद लोगों के सामने अपनी बात रखते हुए शादी रुकवाने का प्रयास किया।
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिससे समारोह स्थल पर मौजूद मेहमान भी हैरान रह गए। मामले की सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कर थाने बुलाया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
इस घटना के चलते शादी कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी और पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।