
गन्ना मिल से शुरू हुआ ट्रैफिक का महाअभियान, अवैध स्टैंड पर पुलिस की सीधी चोट
अब सड़क पर नहीं चलेगी दबंगई, ‘कोना छोड़ो अभियान’ से अवैध स्टैंडों में मचा हड़कंप
बरेली में ट्रैफिक सुधार की बड़ी पहल, 15 दिन का अल्टीमेटम, अवैध स्टैंड होंगे खत्म
अवैध स्टैंड पर पुलिस का डंडा, बदायूं रोड से शुरू हुआ ‘कोना छोड़ो अभियान’, अब पूरे शहर में चलेगा सफाया
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहर की सड़कों पर जाम, अव्यवस्था और अवैध वसूली का कारण बन चुके अवैध स्टैंडों पर अब पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार से ‘कोना छोड़ो अभियान’ की शुरुआत कर दी। अभियान का पहला प्रहार बदायूं रोड स्थित गन्ना मिल के पास संचालित अवैध स्टैंड पर हुआ, जहां सख्त कार्रवाई कर साफ संदेश दे दिया गया कि अब सड़क पर मनमानी नहीं चलेगी।
पहले दिन ही सख्ती, 20 वाहनों के कटे चालान
अभियान के पहले ही दिन ट्रैफिक पुलिस ने गन्ना मिल क्षेत्र में अवैध रूप से खड़े ऑटो, टेंपो और अन्य वाहनों को हटवाया। मौके पर 20 वाहनों का चालान किया गया। कार्रवाई को देखकर कई चालक अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने चेतावनी दी कि दोबारा अवैध स्टैंड पर वाहन खड़ा मिला तो सीधे सीज की कार्रवाई की जाएगी।

अवैध स्टैंड के साथ अवैध वसूली भी निशाने पर
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई केवल स्टैंड हटाने तक सीमित नहीं रहेगी। जहां-जहां अवैध स्टैंड संचालित हो रहे हैं, वहां से अवैध वसूली करने वालों की भी पहचान की जा रही है। ऐसे तत्वों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई तय है।
कुछ संचालक जनप्रतिनिधियों का नाम लेकर अवैध स्टैंड चला रहे थे, लेकिन अब जनप्रतिनिधियों ने भी ऐसे लोगों पर कार्रवाई का समर्थन किया है।
आठ टीमें मैदान में, हर चौराहा निगरानी में
एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शहर को चार जोन में बांटा गया है। चार जोन प्रभारी और उनके सहायक अधिकारियों के नेतृत्व में कुल आठ टीमें गठित की गई हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध स्टैंड और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई करेंगी।
इन चौराहों पर होगी अगली कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक आने वाले दिनों में………..
चौकी चौराहा
सैटेलाइट
पटेल चौक
आदिनाथ चौक……सहित शहर के अन्य प्रमुख चौराहों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
15 दिन बाद भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोना छोड़ो अभियान 15 दिनों तक विशेष रूप से चलेगा, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई बंद नहीं होगी। इसे स्थायी व्यवस्था के रूप में लागू किया जाएगा ताकि शहर को जाम और अव्यवस्था से स्थायी राहत मिल सके। नियम तोड़ने वालों के वाहन सीज किए जाएंगे।