
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी का हेमंत बिस्वा शर्मा पर तीखा हमला, बोले– सीएम पद की गरिमा भूल रहे
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष ने असम सीएम पर लगाए सांप्रदायिक राजनीति के आरोप
चुनाव नजदीक आते ही भड़काऊ बयान दे रहे हैं हेमंत बिस्वा शर्मा: मौलाना रजवी
मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश के होते हैं, किसी एक वर्ग के नहीं: मौलाना शहाबुद्दीन
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली! ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद से हेमंत बिस्वा शर्मा लगातार ऐसे बयान और कदम उठा रहे हैं, जिनसे समाज में हिंदू-मुस्लिम विभाजन को बढ़ावा मिल रहा है और मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि असम में सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री का रवैया अल्पसंख्यकों के प्रति चिंताजनक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी न किसी बहाने मुस्लिम समाज को परेशान किया जा रहा है। हाल ही में एक मौलाना द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से जिस तरह की प्रतिक्रिया सामने आई, वह न सिर्फ अनुचित है बल्कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देती।
उन्होंने कहा कि अब जबकि चुनाव नजदीक हैं, मुख्यमंत्री की बयानबाजी और अधिक तीखी और भड़काऊ होती जा रही है। इससे सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचने का खतरा है। मौलाना रजवी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पूरे राज्य की जनता के प्रतिनिधि होते हैं, न कि किसी एक धर्म या वर्ग के।
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष ने असम सरकार से अपील की कि वह जिम्मेदारी और संयम के साथ कार्य करे तथा सभी समुदायों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए नेताओं को अपनी भाषा और आचरण में मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।