एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में गठित हुआ मीडिया सेल, डॉ. विनय वर्मा बने प्रभारी
सोशल मीडिया से लेकर प्रिंट तक, विश्वविद्यालय की हर गतिविधि होगी एक मंच पर
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में अब विश्वविद्यालय की गतिविधियों का बेहतर और संगठित प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कुलपति के निर्देश पर विश्वविद्यालय में मीडिया सेल का गठन कर दिया गया है। यह मीडिया सेल सीधे कुलपति कार्यालय से संबद्ध रहेगा और विश्वविद्यालय से जुड़ी शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करेगा।
मीडिया सेल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया और सोशल मीडिया (फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, एक्स/ट्विटर, यूट्यूब आदि) के माध्यम से विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, कार्यक्रमों और निर्णयों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाएगा। साथ ही विश्वविद्यालय के न्यूजलेटर के प्रकाशन की जिम्मेदारी भी इसी सेल को सौंपी गई है।
मीडिया सेल के प्रभारी के रूप में डॉ. विनय वर्मा, प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस (पी.ओ.पी.) को नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. विजय सिहल को सह-प्रभारी बनाया गया है। सेल के अन्य सदस्यों में डॉ. अक्तर हुसैन, सेवानिवृत्त श्री ज़हीर अहमद और श्री तपन वर्मा (डार्क रूम लाइटिंग असिस्टेंट) शामिल हैं।

डॉ. विनय वर्मा को मीडिया सेल के संचालन, कार्य विभाजन, निगरानी और क्रियान्वयन की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मीडिया सेल का कार्यालय विश्वविद्यालय के कक्ष संख्या-19 में स्थापित किया गया है। कुलपति ने निर्देश दिए हैं कि मीडिया सेल विश्वविद्यालय की छवि को सशक्त और पारदर्शी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए।
कुलसचिव ने मीडिया सेल प्रभारी को चार दिन के भीतर अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।