भोजीपुरा पुलिस की सख्ती: नाबालिग की तस्वीर वायरल करने वाला आरोपी हथियार समेत जेल भेजा गया
रिपोर्ट/सौरभ गुप्ता
बरेली।थाना भोजीपुरा पुलिस ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग और नाबालिग के शोषण से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान गगन यादव (22 वर्ष) निवासी ग्राम वसई, थाना शाही के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक नाबालिग लड़की की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर दी थीं, जिससे पीड़िता और उसके परिवार को मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का भोजीपुरा क्षेत्र के ग्राम घंघोरा पिपरिया में अपने रिश्तेदारों के यहां आना-जाना था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान पड़ोस में रहने वाली नाबालिग लड़की से हुई।
आरोपी ने बहाने से लड़की को बुलाकर उसके साथ जबरदस्ती की और मोबाइल फोन से आपत्तिजनक तस्वीरें ले लीं। बाद में लड़की द्वारा दूरी बनाए जाने पर आरोपी ने बदले की भावना से तस्वीरें इंस्टाग्राम स्टेटस पर डाल दीं।
इस मामले में पहले ही पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जा चुका था। इसी बीच थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक हथियार के साथ अभयपुर से अग्रास रोड की ओर कब्रिस्तान के पास खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का देसी तमंचा बरामद हुआ। अवैध हथियार मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में उप-निरीक्षक प्रणव मौर्य, मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल ऋषिकांत की अहम भूमिका रही।
भोजीपुरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के शोषण और सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।