
सात समंदर पार फिर गैंगवार! अमेरिका में लॉरेंस गैंग के शूटर की हत्या, गोदारा गैंग का खुला ऐलान
रिपोर्ट : सोशल मीडिआ प्लेटफार्म
अमेरिका के इंडियाना में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े वीरेंद्र सेंबी की गोली मारकर हत्या
रोहित गोदारा गैंग के बलजोत-जस्सा ने फेसबुक पोस्ट से ली जिम्मेदारी
हत्या को पुरानी रंजिश का बदला बताया, आगे “बड़े सरप्राइज” की धमकी
NIA और भारतीय एजेंसियां अलर्ट, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर नजर
जयपुर/इंडियाना। राजस्थान और हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टरों की दुश्मनी अब भारत की सीमाएं लांघकर अमेरिका की सड़कों तक पहुंच गई है। अमेरिका के इंडियाना प्रांत में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य वीरेंद्र सेंबी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले भारतीय गैंग नेटवर्क की खतरनाक तस्वीर उजागर कर दी है।
बताया जा रहा है कि वीरेंद्र सेंबी हरियाणा का रहने वाला था और विदेश में बैठकर लॉरेंस गैंग के लिए उगाही और अन्य अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। इस हमले में उसका एक साथी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

फेसबुक पोस्ट बना ‘डेथ नोट’
हत्या के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक डरावनी पोस्ट सामने आई, जिसने पूरे मामले को गैंगवार में तब्दील कर दिया। रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बलजोत और जस्सा ने फेसबुक पर खुलकर इस कत्ल की जिम्मेदारी लेते हुए लिखा कि यह पुरानी दुश्मनी का बदला है। पोस्ट में दावा किया गया कि वीरेंद्र ने उनके साथियों पर फायरिंग करवाई थी और कई नुकसान पहुंचाए थे।
पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि वीरेंद्र लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर अमेरिका में उगाही और ट्रेलर चोरी जैसे धंधे चला रहा था। साथ ही खुले शब्दों में चेतावनी दी गई—“जो हमारे खिलाफ जाएगा, उसका अंजाम यही होगा।”

फोटो : मृतक वीरेंद्र सेंबी
वर्चस्व की जंग और राजस्थान का कनेक्शन
यह घटना राजस्थान और हरियाणा के दो बड़े आपराधिक गुटों के बीच चल रही वर्चस्व की जंग का हिस्सा मानी जा रही है। पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई को ‘गद्दार’ बताते हुए कहा गया कि अब किसी एक का राज नहीं चलेगा। यहां तक धमकी दी गई कि दुश्मनों का साथ देने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।
एजेंसियां अलर्ट, अंतरराष्ट्रीय जांच तेज
अमेरिका में हुई इस वारदात के बाद भारतीय जांच एजेंसियां—NIA और स्पेशल सेल—पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। माना जा रहा है कि विदेश में बैठा रोहित गोदारा अब लॉरेंस गैंग के अंतरराष्ट्रीय ठिकानों को निशाना बना रहा है।
पोस्ट के आखिर में लिखे गए शब्द—“जल्दी ही सरप्राइज मिलेगा”—ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। इंडियाना की यह वारदात साफ इशारा करती है कि भारतीय गैंगस्टर अब केवल कनाडा या दुबई तक सीमित नहीं, बल्कि अमेरिका जैसे देशों में भी खूनी खेल खेलने से पीछे नहीं हट रहे।