IPS अंशिका वर्मा की सख्ती से बेनकाब हुआ ‘खूनी इश्क’

Spread the love

 

IPS अंशिका वर्मा की सख्ती से बेनकाब हुआ ‘खूनी इश्क’

5 महीने तक रची गई साजिश, हथौड़े से पति को ही उतारा मौत के घाट

रिपोर्ट: सौरभ गुप्ता

बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र में हुए सुरेश पाल हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस जांच में जो सच सामने आया, वह किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं। इस खौफनाक वारदात के पीछे कोई बाहरी दुश्मन नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी और उसका प्रेमी ही निकले।

SSP अनुराग आर्य के निर्देशन और IPS अंशिका वर्मा की सख्त निगरानी में पुलिस टीम ने कुछ ही दिनों में इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।

पति नहीं, प्यार बना दुश्मन

पत्नी और प्रेमी के बीच अवैध रिश्तों ने रचा मौत का खेल

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सुरेश पाल की पत्नी ममता का गांव के ही युवक होतम से लंबे समय से अवैध संबंध था। दोनों साथ रहना चाहते थे, लेकिन रास्ते में सुरेश पाल सबसे बड़ी रुकावट बन रहा था।

शुरुआत में पति को छोड़कर भागने की बात हुई, लेकिन जब बात नहीं बनी तो दोनों ने मिलकर उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की ठान ली।

5 महीने तक बना मर्डर प्लान, सही मौके के इंतजार में बहता रहा जहर

पुलिस के अनुसार, ममता और होतम ने करीब पांच महीने तक हत्या की पूरी स्क्रिप्ट तैयार की। कब, कहां और कैसे हमला करना है—हर पहलू पर बारीकी से चर्चा हुई।

शनिवार की रात जब मौका मिला, तो ममता ने पति को बातों में उलझाया। उसी दौरान होतम ने हथौड़े से सुरेश पाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वार इतने बेरहमी से किए गए कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सबूत मिटाने की नाकाम कोशिश, सिम तोड़ी, हथौड़ा धोया, लेकिन बच नहीं पाए

हत्या के बाद दोनों ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की—

ममता ने मोबाइल सिम तोड़कर फेंक दिया

हथौड़े को पानी से धोकर साफ किया

घटना को सामान्य मौत दिखाने का प्रयास किया लेकिन IPS अंशिका वर्मा की निगरानी में हुई तकनीकी जांच ने झूठ की हर परत उधेड़ दी।

एक झूठ बना सबसे बड़ा सबूत, WhatsApp चैट और कॉल डिटेल से खुली पूरी साजिश

पूछताछ के दौरान ममता बार-बार खुद को बेखबर बताती रही, लेकिन यही झूठ उसके गले की फांस बन गया। पुलिस को मोबाइल डेटा खंगालने पर ममता और होतम के बीच लगातार वीडियो कॉल, वॉयस कॉल और चैट के पुख्ता सबूत मिले।

कई मैसेज डिलीट किए जा चुके थे, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। इसके बाद होतम को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। दबाव बढ़ते ही वह टूट गया और उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।

IPS अंशिका वर्मा का कड़ा संदेश……“अपराध या अपराधी कितना भी शातिर क्यों ना हो, कानून उसे उजागर करता है”

पुलिस ने ठोस साक्ष्यों के आधार पर ममता और होतम दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया।

इस मामले में IPS अंशिका वर्मा ने साफ शब्दों में कहा — “कानून से ऊपर कोई नहीं है। अपराध चाहे जितनी चतुराई से किया जाए, पुलिस सच्चाई सामने लाकर रहती है।”

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta