प्रदेश में सबसे ठंडी रही बरेली की रात, शीतलहर ने धूप को किया बेअसर, गलन से लोग बेहाल
रिपोर्ट/सौरभ गुप्ता
बरेली।शहर में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर लगातार जारी है। रविवार को सुबह कोहरा अपेक्षाकृत कम रहा, लेकिन उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं के कारण धूप भी लोगों को राहत नहीं दे सकी।
सुबह के समय गलन इतनी तेज रही कि लोग ठिठुरते नजर आए।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बरेली में ठंडी हवाओं का दौर तेज हो गया है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
इसके चलते बरेली की रात उत्तर प्रदेश में सबसे ठंडी रही। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर बरकरार रहा।
शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य 18.5 डिग्री सेल्सियस से 4.4 डिग्री कम होकर 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे कम अधिकतम तापमान केवल मुजफ्फरनगर में 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे बरेली प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा जिला दर्ज हुआ।
रविवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। सुबह के समय पारा गिरकर पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, हालांकि करीब 10 बजे के बाद धूप खिली, लेकिन शीतलहर के कारण धूप बेअसर साबित हुई।
शनिवार की दोपहर भी 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने गलन का एहसास बनाए रखा। हवा में नमी का स्तर 98 प्रतिशत तक दर्ज किया गया, जिससे ठंड और ज्यादा चुभन भरी महसूस हुई।
रविवार को भी मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रही।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के अनुसार वायुमंडल में माइक्रोफिजिकल डायनामिक्स और क्षेत्रीय परिस्थितियों के चलते बर्फीली हवाओं के झोंकों से ठिठुरन बढ़ी है।
आसमान में छाए बादलों के कारण हल्की बारिश की संभावना भी जताई जा रही है। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में स्थिरता और रात के तापमान में और गिरावट के आसार हैं।