
सड़क हादसे में घायल BLO की इलाज के दौरान मौत, बेटे ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
रिपोर्ट: सौरभ गुप्ता
बरेली! उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गांव डगरौली निवासी 51 वर्षीय मोर सिंह, जो बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पद पर तैनात थे, की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार, मोर सिंह छह दिसंबर को अपनी ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया। हालत नाजुक होने पर परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
मोर सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी ज्ञानेश्वरी देवी और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि परिवार पहले से ही गहरे सदमे में था, क्योंकि 22 नवंबर को मोर सिंह की पत्नी कमला देवी का निधन हो चुका था। कुछ ही दिनों के भीतर पति-पत्नी दोनों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
बेटे ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के बेटे विवेक यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विवेक का कहना है कि मां की मौत के बाद परिवार शोक में था और उन्होंने पिता के लिए छुट्टी की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों ने छुट्टी नहीं दी और उन्हें ड्यूटी पर भेज दिया गया। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने हादसे के संबंध में अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।