हल से लेकर हुकूमत तक: किसान के बेटे अभिषेक चौहान ने PCS फतह कर रचा इतिहास, सिरौली में हुआ ऐतिहासिक स्वागत

Spread the love

 

हल से लेकर हुकूमत तक: किसान के बेटे अभिषेक चौहान ने PCS फतह कर रचा इतिहास, सिरौली में हुआ ऐतिहासिक स्वागत

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली/सिरौली। जनपद बरेली के सिरौली क्षेत्र के ग्राम पिपरिया उपरला निवासी अभिषेक चौहान ने प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई और हर ओर गर्व का माहौल देखने को मिला।

साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले अभिषेक चौहान स्वर्गीय ठाकुर ओंकार सिंह के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने दिल्ली में रहकर परीक्षा की तैयारी की और सफलता का परचम लहराया। उनकी सफलता यह साबित करती है कि सच्ची लगन और मेहनत के आगे किसी भी प्रकार की कमी बाधा नहीं बन सकती।

जैसे ही अभिषेक अपने गांव लौटने के लिए सिरौली पहुंचे, वहां का नजारा देखते ही बन रहा था। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। उनके स्वागत के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर पहले ही सिरौली पहुंच गए थे। अभिषेक के पहुंचते ही उन पर जमकर पुष्प वर्षा की गई और ढोल-नगाड़ों के बीच उनका जोरदार स्वागत हुआ। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आरती उतारकर उन्हें आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री अविनाश मोरिया, हर्षित गुप्ता, भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष यशु गुप्ता अर्जुन सिंह, पुनीत गुप्ता, प्रमोद ठाकुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अभिषेक को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जनता के इस अपार स्नेह और सम्मान से अभिषेक चौहान भावुक नजर आए। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सिरौली की जनता ने मुझे जो प्यार और सम्मान दिया है, उसे मैं जीवनभर याद रखूंगा। यह सफलता मेरे बड़ों के आशीर्वाद और क्षेत्रवासियों की शुभकामनाओं का परिणाम है।”

अभिषेक की इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं में नया जोश भर दिया है। अब अन्य छात्र भी उनसे प्रेरणा लेकर अपने सपनों को साकार करने के लिए आगे बढ़ने को उत्साहित नजर आ रहे हैं।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta