रात में ठीक थे सिपाही, सुबह मिली लाश… बरेली में संदिग्ध हालात में मौत, हार्ट अटैक की आशंका

Spread the love

 

रात में ठीक थे सिपाही, सुबह मिली लाश… बरेली में संदिग्ध हालात में मौत, हार्ट अटैक की आशंका

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। कोतवाली क्षेत्र के चौपला सिविल लाइंस स्थित मोनी बाबा मंदिर वाली गली में किराए पर रहने वाले सिपाही वीरपाल (38) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मूल रूप से औरैया जिले के थाना अच्छंदा क्षेत्र के गांव रूपपुर निवासी वीरपाल बरेली पुलिस लाइन में सिपाही के पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी संगीता देवी के अनुसार, बुधवार रात खाना खाने के बाद वह सामान्य रूप से सो गए थे। सुबह करीब चार बजे उन्होंने पपीता मांगा, जिसे खाने के बाद वह फिर सो गए।

करीब पांच बजे उनका बेटा सत्यम दौड़ लगाने के लिए पुलिस लाइन जाने लगा। इसी दौरान संगीता ने वीरपाल को जगाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। घबराई पत्नी ने मोहल्ले के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्नी संगीता देवी का कहना है कि वीरपाल की मौत हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta