“ई-रिक्शा लूट गैंग का खुलासा: तमंचे संग शातिर चोर गिरफ्तार, सनसनीखेज खुलासे”

Spread the love

 

“ई-रिक्शा लूट गैंग का खुलासा: तमंचे संग शातिर चोर गिरफ्तार, सनसनीखेज खुलासे”

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली: बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की ई-रिक्शा और अवैध हथियार के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की ई-रिक्शा, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 11 मार्च को अज्ञात के खिलाफ ई-रिक्शा चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आए आरोपी इन्द्रपाल उर्फ इन्द्रप्रकाश (पुत्र रामवीर सिंह), निवासी ग्राम डगरौली, को 25 मार्च को मुखबिर की सूचना पर लाइखेडा रेलवे पुल के पास से दबोच लिया गया।

गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से सफेद-नीले रंग की ई-रिक्शा (नंबर UP25HT7354), एक अवैध तमंचा, दो कारतूस और रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने केस में संबंधित धाराएं बढ़ा दी हैं और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 10 मार्च की रात ई-रिक्शा लूट की साजिश रची। उन्होंने ई-रिक्शा बुक की, फिर चालक को बहाने से सुनसान जगह पर उतारकर वाहन लेकर फरार हो गए। बैटरी खत्म होने पर वे ई-रिक्शा को अलग-अलग स्थानों पर छिपाते रहे और बाद में उसे बेचने की योजना बना रहे थे।

आपराधिक इतिहास:

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी इन्द्रपाल पहले भी कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या (धारा 302) और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम की भूमिका:

इस सफलता में उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह, नरेन्द्र सिंह राघव, धर्मपाल सिंह और हेड कांस्टेबल इजहार खां की अहम भूमिका रही।

 

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta