जाटवपुरा में मामूली विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, पथराव के बीच बुजुर्ग महिला की मौत

Spread the love

 

जाटवपुरा में मामूली विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, पथराव के बीच बुजुर्ग महिला की मौत

पत्थर लगने से गई जान या दिल का दौरा बना वजह? पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जाटवपुरा इलाके में बुधवार रात एक मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बाद हुए पथराव के बीच 65 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन जहां पत्थर लगने से मौत का आरोप लगा रहे हैं, वहीं पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

जानकारी के अनुसार, जाटवपुरा स्थित टायर मंडी में रहने वाला इमरान घर से ही सब्जी बेचने का काम करता है। बुधवार रात करीब 9 बजे पास की एक किराने की दुकान पर बैठे युवक से उसका मजाक को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ने पर इमरान ने युवक की मां से शिकायत कर दी, जिससे माहौल और गरमा गया।

बताया जा रहा है कि कुछ ही देर में युवक अपने साथियों के साथ इमरान के घर पहुंच गया और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए इमरान घर के अंदर चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया और पड़ोस की दीवार पर चढ़कर घर के अंदर पथराव शुरू कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान एक पत्थर इमरान की मां मारूख बेगम के सीने में जा लगा, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के शरीर पर किसी तरह की गंभीर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि महिला हृदय रोग से पीड़ित थीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल, मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta