बरेली की मासूम की मौत से सन्नाटा: भीख मांगने गए माता-पिता, पीछे बंद घर में बुझ गई डेढ़ माह की मासूम जिंदगी

Spread the love

 

बरेली की मासूम की मौत से सन्नाटा: भीख मांगने गए माता-पिता, पीछे बंद घर में बुझ गई डेढ़ माह की मासूम जिंदगी

डेढ़ माह की बच्ची की दर्दनाक मौत, गरीबी बनी काल—माता-पिता पर उठे गंभीर सवाल

अपने ही घर में बंद-कर छोड़ गए थे चार बच्चे, लौटे तो मिली नवजात की लाश

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली! किला थाना क्षेत्र के छावनी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां डेढ़ माह की मासूम बच्ची की घर के अंदर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि घटना के समय बच्ची अपने तीन अन्य भाई-बहनों के साथ घर में बंद थी, जबकि माता-पिता भीख मांगने गए हुए थे।

सूचना मिलते ही थाना किला प्रभारी सुभाष यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में पता चला कि शादाब और उसकी पत्नी हिना उर्फ साइन परिवार सहित भीख मांगकर गुजारा करते हैं। यह परिवार पिछले करीब चार महीने से इलाके में किराये के मकान में रह रहा था।

बताया जा रहा है कि दंपती के चार छोटे बच्चे हैं—एक बेटा और तीन बेटियां। मृत बच्ची का जन्म अभी करीब एक माह पहले ही हुआ था और वह पहले से ही कमजोर बताई जा रही थी। शुक्रवार सुबह माता-पिता सभी बच्चों को घर में बंद कर रोज की तरह भीख मांगने निकल गए।

शाम ढलते-ढलते जब दोनों वापस लौटे तो घर का मंजर देख उनके होश उड़ गए। मासूम बच्ची बेसुध हालत में पड़ी थी। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में साफ हुआ कि बच्ची की मौत बीमारी और अत्यधिक कमजोरी के कारण हुई है।

थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों ने किसी भी तरह का आरोप नहीं लगाया है, लेकिन पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। 

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta