
25 साल बाद बना खास संयोग: रमज़ान में पड़े पांच जुमे, 21 मार्च को ईद
चांद नहीं दिखा, तय हुआ 30 रोजों का रमज़ान, कल अदा होगी जुमा-तुल-विदा
जुमा-तुल-विदा की तैयारियां तेज, ईद से पहले धार्मिक माहौल चरम पर
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहर में इस बार रमज़ान का महीना खास संयोग लेकर आया है। करीब 25 साल बाद ऐसा मौका बना है, जब पूरे रमज़ान में पांच जुमे पड़ रहे हैं। गुरुवार को दरगाह आला हज़रत पर ईद का चांद देखने की कोशिश की गई, लेकिन आसमान साफ रहने के बावजूद चांद नजर नहीं आया। इसके बाद यह साफ हो गया कि इस बार रमज़ान 30 रोजों का होगा और ईद-उल-फितर अब 21 मार्च, शनिवार को मनाई जाएगी।
चांद नजर न आने के बाद शहर में जुमा-तुल-विदा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुस्लिम समाज में रमज़ान के आखिरी शुक्रवार को बेहद खास माना जाता है और इसे लेकर मस्जिदों में विशेष इबादत का आयोजन किया जाता है।
कल अदा होगी जुमा-तुल-विदा की नमाज़
दरगाह से जुड़े जिम्मेदारों के अनुसार, 20 मार्च को रमज़ान का आखिरी जुम्मा यानी जुमा-तुल-विदा अदा किया जाएगा। इस मौके पर शहर की प्रमुख मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाज़ी जुटेंगे। किला स्थित जामा मस्जिद में मुख्य नमाज़ दोपहर करीब 1:30 बजे अदा होगी, जबकि दरगाह आला हज़रत पर शाम करीब 3:30 बजे आखिरी नमाज़ होगी। अन्य मस्जिदों में भी अलग-अलग समय पर नमाज़ अदा की जाएगी।
ईद और जुमा-तुल-विदा को लेकर तैयारियां तेज
दरगाह परिसर में हुई बैठक में ईद और जुमा-तुल-विदा की तैयारियों पर चर्चा की गई। इसमें प्रशासन से मांग की गई कि ईदगाह, मस्जिदों और दरगाहों के आसपास साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जाएं।
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को पहले से पूरी तैयारी करनी चाहिए। साथ ही शहर में अमन और भाईचारे का माहौल बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।