
अनाथालय के बच्चों के चेहरों पर मुस्कान, एसबीआई ने बांटी स्टेशनरी, खेल सामग्री समेत अन्य सामान
गर्मी को देखते हुए कूलर भी कराया उपलब्ध, अधिकारियों ने बच्चों को पढ़ाई के लिए किया प्रेरित
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। समाज के वंचित बच्चों की मदद के लिए भारतीय स्टेट बैंक ने एक सराहनीय पहल की। गुरुवार को एसबीआई के क्षेत्रीय कार्यालय प्रथम की ओर से आर्य समाज अनाथालय, अय्यूब खां चौराहा के पास बच्चों को पढ़ाई और खेल से जुड़ी सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ध्रुव चरन बाल, महाप्रबंधक (केंद्रीय लेखा परीक्षा कार्यालय) लखनऊ मंडल और संजय बंसल, महायक महाप्रबंधक मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी में अनाथालय के बच्चों को कॉपी, पेन समेत अन्य स्टेशनरी सामग्री, खेलकूद का सामान और गर्मी को ध्यान में रखते हुए कूलर भी दिए गए।
अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।
इस दौरान सुमन बक्शी, उप महाप्रबंधक (बरेली मॉड्यूल), नीरज कुमार राय, क्षेत्रीय प्रबंधक क्षेत्र प्रथम बरेली, अनाथालय के प्रधान आचार्य ओमकार महित समेत बैंक के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
एसबीआई की ओर से समय-समय पर सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंद वर्गों की सहायता की जाती रही है। अधिकारियों ने कहा कि आगे भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
