तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर घायल

Spread the love

 

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर घायल

साले की शादी से लौट रहे दंपति के साथ हादसा, दो साल पहले ही हुई थी शादी

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार पीलीभीत जिले के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव मदीना शाह निवासी 34 वर्षीय उपहार सक्सेना अपनी पत्नी 33 वर्षीय कामना सक्सेना के साथ मोटरसाइकिल से अपने साले की शादी में शामिल होने गए थे। गुरुवार सुबह दोनों शादी समारोह से लौटते हुए बरेली की ओर आ रहे थे।

इसी दौरान बिथरी चैनपुर क्षेत्र के कमुआ मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने कामना सक्सेना को मृत घोषित कर दिया, जबकि उपहार सक्सेना का इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि कामना और उपहार की शादी करीब दो साल पहले ही हुई थी। उपहार सक्सेना बरेली के कैंट अस्पताल में नौकरी करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta